Thursday, February 9, 2012

मत ऐसा इक मंत्र है, करले इसको सिद्ध



मत को कभी न भूलना, करना कभी न चूक
मत  है  तेरे  हाथ में,    मानो   इक   बन्दूक


मत से बडा न काम है, मत से बडी न सोच
मत के इस मतदान में ,मत करना संकोच


मत  तेरा  इकला  नही  बहूमत  में है एक
एक एक ग्यारह बने, मत करना  प्रत्येक


मत पर सब हैं एकमत, मत को डाल ज़रूर
राजनीति  के  दम्भ  का,  तोडे  यही  गरूर


मत  को यदि तू डाल मत, होगा इक अन्याय
जानेगा  फ़िर  कोन  क्या,  रखता  है  तू राय


मत को यदि तू डाल दे, सही बडा  है काम
फ़िर  तो  जो   तू  सोचता,नेता दे अंजाम


मत में तेरे है असर, जिस से तू अनजान
भाग्य  बदल देश का, जाग अरे इनसान


मत ऐसा इक मंत्र है,कर ले इसको सिद्ध
फ़िर तेरे हक को यहाँ नोच न पाएँ गिद्ध


मत  तेरा  इक ढोल है, बजा-बजा ये ढोल 
इसके  ही जरिये खुले, भ्रष्ट तन्त्र की पोल


मत   तेरा  आवाज़   है,  कर  तू   इसे  बुलंद
चुन उस को जो भी लगे, तुझको अमन पसंद


चलो चलो घर से चलो, करने को मतदान
बडा जरूरी देश हित मत का ये अभियान

No comments: